#6360
सीएए के मुद्दे पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को उनके ही घर जोधपुर में घेरेगी भाजपा। तीन जनवरी को अमित शाह की बड़ी सभा। जोधपुर में भी रह रहे हैं हिन्दू शरणार्थी।
गहलोत का टिड्डी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा।
===========================================
संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) के मुद्दे पर अब राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को उन्हीं के गृह जिले जोधपुर में घेरा जाएगा। सीएए पर जनजागरण अभियान के अंतर्गत भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह की एक बड़ी सभा तीन जनवरी को जोधपुर में होगी। पहले यह सभा जयपुर में होनी थी, लेकिन गहलोत को राजनीतिक दृष्टि से जवाब देने के लिए सभा को जोधपुर में कराने का निर्णय लिया गया। अशोक गहलोत उन मुख्यमंत्रियों में शामिल है, जिन्होंने अपने प्रदेश में सीएए लागू करने से इंकार कर दिया है। गहलोत अपने हर भाषण में केन्द्र की भाजपा सरकार और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की आलोचना करते हैं। 30 दिसंबर को ही गहलोत ने राजस्थान में मुख्यमंत्री की हैसियत से देश के सबसे बड़े अखबार दैनिक भास्कर में एक लेख लिखा है। इस लेख में संघ की आलोचना करते हुए लिखा गया है कि संघ को पर्दे के पीछे से राजनीति करने के बजाए सीधे तौर पर राजनीति करनी चाहिए। संघ स्वयं को राजनीति दल घोषित करे। असल में केन्द्र सरकार और संघ प हमला करने का गहलोत कोई अवसर नहीं छोड़ते हैं। गहलोत ने मुख्यमंत्री बनने के बाद जिस तरह से हमले किए हैं, उसी का जवाब देने के लिए अमित शाह की सभा तीन जनवरी को जोधपुर में रखी गई है। जोधपुर में अमित शाह की सभा का इसलिए भी महत्व है कि पाकिस्तान से धर्म के आधार पर प्रताडि़त होकर आए हिन्दू शरणार्थी बड़ी संख्या में जोधपुर में भी रह रहे हैं। जोधपुर से सटे सीमावर्ती बाडमेर, बीकानेर, जैसलमेर जिलों में ऐसे शरणार्थी भारतीय नागरिकता की आस लगाए बैठे हैं। ऐसे शरणार्थियों को नागरिकता देने के लिए पूर्व में अशोक गहलोत ने भी तत्कालीन प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को पत्र लिखा था। इन सब मुद्दों पर जोधपुर की सभा में भाजपा के नेता अपने विचार रखेंगे। सभा में सीमावर्ती जिलों में रह रहे हिन्दू शरणार्थियों को खासतौर से बुलाया जाएगा। इन शरणार्थियों को बताया जाएगा कि मोदी सरकार तो नागरिकता दे रही है, लेकिन अशोक गहलोत रोड़े अटा रहे हैं। जोधपुर में होने वाली भाजपा की सभा में राजनीतिक मायने कुछ ज्यादा ही हैं। गत लोकसभा का चुनाव जोधपुर से गहलोत के पुत्र वैभव गहलोत ने कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर लड़ा था, लेकिन मुख्यमंत्री रहते हुए भी अशोक गहलोत अपने गृह जिले से अपने पुत्र को चुनाव नहीं जितवा सके। यहां भाजपा के उम्मीदवार गजेन्द्र सिंह शेखावत ने करीब 4 लाख मतों से जीत हासिल की थी। शेखावत अब केन्द्रीय जल शक्ति मंत्री हैं। अमित शाह की सभा को सफल बनाने में शेखावत और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतीश पूनिया जुट गए हैं।
गहलोत का दौरा :
30 दिसंबर को सीएम अशोक गहलोत ने पाकिस्तान की सीमा से सटे टिड्डी प्रभावित जिले बाडमेर, जैसलमेर आदि का दौरा किया। किसानों का कहना है कि पाकिस्तान से बड़ी संख्या में टिड्डियां आई हैं जो खेती को नुकसान कर रही है। सीएम ने अपने दौरे में भरोसा दिलाया कि टिड्डियों को नष्ट करने और खेती के नुकसान की भरपाई करने में सरकार पूरा सहयोग करेगी। गहलोत ने कहा कि किसानों को हरसंभव मदद के लिए स्पेशल गिरदावरी शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एस.पी.मित्तल) (30-12-19)
नोट: फोटो मेरी वेबसाइट www.spmittal.in
https://play.google.com/store/apps/details? id=com.spmittal
www.facebook.com/SPMittalblog
Blog:- spmittalblogspot.in
वाट्सएप ग्रुप से जोडऩे के लिए-8955240680
M-09829071511 (सिर्फ संवाद के लिए)
सीएए के मुद्दे पर राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत को उनके ही घर जोधपुर में घेरेगी भाजपा। तीन जनवरी को अमित शाह की बड़ी सभा। जोधपुर में भी रह रहे हैं हिन्दू शरणार्थी। गहलोत का टिड्डी प्रभावित क्षेत्रों का दौरा।